उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की ओर से लघु एवं सीमांत किसानों के लिए लागू भारत टैक्सी एवं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ

सिद्धार्थनगर 23 सितम्बर 2026 /उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की ओर से लघु एवं सीमांत किसानों के लिए लागू भारत टैक्सी एवं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ मा0 मुख्यमंत्री उ0प्र0 श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ से किया गया। जिसका लाइव प्रसारण मा0 विधायक कपिलवस्तु श्री श्यामधनी राही, मा0 विधायक शोहरतगढ़ श्री विनय वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री दीपक मौर्या, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुंवर विक्रम सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह के साथ अम्बेडकर सभागार में देखा गया।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मा0 जनप्रतिनिधिगण को बुके देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मा0 विधायक कपिलवस्तु श्री श्यामधनी राही ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। लघु एवं सीमांत किसानों को केंद्र में रखकर शुरू की गई ये योजनाएं उन्हें स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने में सहायक होंगी। मा0 विधायक कपिलवस्तु ने कहा कि पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। सभी पात्रों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

मा0 विधायक शोहरतगढ़ श्री विनय वर्मा ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों को वित्तीय सहायता और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। विभाग की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचने से किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
जिलाध्यक्ष भाजपा श्री दीपक मौर्या ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है। लघु एवं सीमांत किसानों के लिए शुरू की गई योजनाओं से उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी स्थिति बेहतर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को भी गांव-गांव जाकर पात्र किसानों को योजनाओं की जानकारी देने और उनका लाभ दिलाने में सहयोग करना चाहिए। मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प किया गया है। देश को विकसित राष्ट्र बनाने में किसानों की अहम भूमिका होगी।
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुंवर विक्रम सिंह ने कहा कि सहकारी संस्थाएं लंबे समय से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। बैंक स्तर से पात्र किसानों को योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी सहकारिता अंब्रीश यादव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मा0 सांसद डुमरियागंज प्रतिनिधि एसपीअग्रवाल, उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ के डायरेक्टर दिलीप चतुर्वेदी, डीसीएफ के अध्यक्ष अजय उपाध्याय, एआर सहकारिता प्रकाश बहादुर गौतम, उप निदेशक कृषि राजेश कुमार तथा जिला कृषि अधिकारी रवि शंकर पांडेय एवं अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
