पेयावरी आश्रम की भूमि पर कब्जे के विरोध में व्यापार संगठन ने सौंपा ज्ञापन

पेयावरी आश्रम की भूमि पर कब्जे के विरोध में व्यापार संगठन ने सौंपा ज्ञापन
सिद्धार्थनगर। ब्लॉक क्षेत्र स्थित पेयावरी आश्रम एवं मंदिर की भूमि पर कथित रूप से जबरन कब्जे के प्रयास के विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, सिद्धार्थनगर के पदाधिकारियों ने सदर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष अजय कसौधन एवं संरक्षक अखंड प्रताप सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने
कहा कि आश्रम एवं मंदिर से जुड़ी भूमि धार्मिक आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा उक्त भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया गया तो व्यापार संगठन इसका पुरजोर विरोध करेगा। आवश्यकता पड़ने पर संगठन जनआंदोलन करने को भी बाध्य होगा। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष एवं विधिवत
पैमाइश कराई जाए। संगठन ने कहा कि पैमाइश पूरी होने के बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई की जानी चाहिए। इस पर सदर एसडीएम ने व्यापार संगठन के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि बिना नियमानुसार पैमाइश कराए कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। पहले भूमि की विधिवत नाप-जोख कराई जाएगी और उसके बाद राजस्व अभिलेखों एवं नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
