इटवा में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रेस क्लब और राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ का बड़ा मोर्चा

इटवा में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रेस क्लब और राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ का बड़ा मोर्चा
राहुल सिंह व भारत कनौजिया के नेतृत्व में डीएम-सीएमओ को ज्ञापन, नवजात मौत और किडनी पीड़ित भी पहुंचे—सील, एफआईआर, कथित सील-कटिंग और 50 डिग्रियों-स्टाम्प पेपर मामले में जांच की मांग
सिद्धार्थनगर/इटवा। इटवा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई और विभिन्न स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों से जुड़े मामलों को लेकर प्रेस क्लब उत्तर प्रदेश एवं राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ ने सोमवार को बड़ा मोर्चा खोलते हुए जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की
राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेस क्लब अविनाश आजाद शुक्ला के निर्देश पर प्रेस क्लब उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिंह एवं प्रेस क्लब सिद्धार्थनगर के जिला अध्यक्ष भारत कनौजिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे डीएम एवं सीएमओ, सिद्धार्थनगर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ की ओर से भी मामले को उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग से जुड़े प्रकरणों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई
ज्ञापन के दौरान नवजात शिशु की मौत से पीड़ित परिवार तथा किडनी संबंधी बीमारी से प्रभावित पीड़ित भी मौजूद रहे। दोनों पीड़ितों ने अपने-अपने मामलों को अधिकारियों के समक्ष रखते हुए संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं एवं घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की
जनता सेवा अस्पताल मामले में उठे गंभीर सवाल
ज्ञापन में जनता सेवा अस्पताल की सील, एफआईआर, कथित सील काटने का वीडियो तथा अस्पताल परिसर से कथित तौर पर बरामद करीब 50 डिग्रियों एवं स्टाम्प पेपर के मामले की जांच की मांग की गई
शिकायतकर्ता की ओर से सवाल उठाया गया कि यदि ये दस्तावेज जांच के दौरान मिले थे तो उनकी प्रामाणिकता, स्रोत, स्वामित्व और संभावित इस्तेमाल की विधिवत जांच हुई या नहीं, इसका रिकॉर्ड सामने लाया जाए।
वहीं, सूत्रों के हवाले से दस्तावेज वापस किए जाने तथा अस्पताल का नाम बदलकर नए सिरे से पंजीकरण कराने की कवायद का दावा भी सामने आया है
रजिस्ट्रेशन किसी और के नाम, संचालन किसका?
ज्ञापन में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के वास्तविक संचालन, प्रबंधन, आर्थिक लेन-देन तथा संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच भी नियमानुसार कराने की मांग रखी गई है
इसके अलावा लक्ष्मी अल्ट्रासाउंड एवं सीटी स्कैन सेंटर, पूर्वा डायग्नोस्टिक सेंटर तथा पीसी डायग्नोस्टिक सेंटर से संबंधित जांच एवं नोटिस के मामलों को भी समग्र जांच के दायरे में शामिल करने की मांग की गई
प्रेस क्लब एवं राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ की ओर से कहा गया कि पूरे प्रकरण में पूर्व में हुई विभागीय कार्रवाई, जांच रिपोर्ट, नोटिस, पंजीकरण से संबंधित रिकॉर्ड और संबंधित अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट होनी चाहिए, ताकि तथ्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
ज्ञापन में दस्तावेजों के संरक्षण एवं सत्यापन, पूर्व की कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने तथा कथित नए पंजीकरण की प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की गई। शिकायतकर्ता की ओर से कहा गया कि आवश्यकता पड़ने पर प्रकरण से जुड़े दस्तावेज न्यायालय के समक्ष भी प्रस्तुत किए जाएंगे
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि नवजात मौत के पीड़ित और किडनी संबंधी समस्या से प्रभावित पीड़ित की शिकायतों सहित पूरे स्वास्थ्य प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और रिकॉर्ड आधारित जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
